भाजपा मंडल की नींव रखने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता अमराराम माली का निधन

भाजपा मंडल की नींव रखने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता अमराराम माली का निधन

नगर राजनीति में शोक की लहर, आज 25 फरवरी को अंतिम संस्कार

रिपोर्ट – सोहनसिंह रावणा, तखतगढ़

तखतगढ़। नगर पालिका के पूर्व जुझारू पार्षद एवं भाजपा मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष अमराराम माली का आकस्मिक निधन हो गया। उनके देहावसान की खबर मिलते ही तखतगढ़ नगर सहित भाजपा संगठन और विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमराराम माली का स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहा था। उनका उपचार सुमेरपुर के एक निजी चिकित्सालय में जारी था। मंगलवार को अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही हृदयाघात होने से उनका निधन हो गया। इस दुखद घटना से परिवारजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अमराराम माली तखतगढ़ भाजपा मंडल की स्थापना काल से ही संगठन से जुड़े रहे। वे उन समर्पित कार्यकर्ताओं में से थे जिन्होंने संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मंडल उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, मंत्री सहित अनेक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके अतिरिक्त वे पूर्व ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष तथा पाली जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी सक्रिय रहे।

राजनीतिक जीवन में वे अपनी स्पष्टवादिता, कर्मठता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा के लिए पहचाने जाते थे। कार्यकर्ताओं के बीच उनका व्यवहार सरल, सौम्य और प्रेरणादायक माना जाता था। उन्होंने सदैव पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया तथा नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को उठाकर समाधान के प्रयास किए।

नगर के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। अनेक नेताओं ने उन्हें संगठन का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा।

स्वर्गीय अमराराम माली की अंतिम यात्रा आज 25 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे उनके निवास स्थान से श्मशान घाट के लिए रवाना होगी, जहां विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की गई है।

उनके निधन से नगर की राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में एक शून्य उत्पन्न हो गया है, जिसे लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

और नया पुराने

Column Right

Facebook