जालोर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से युवक की मौत, सांड भी घायल
भाद्राजून (जालोर)। जिले के भाद्राजून थाना क्षेत्र के रामा गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक सांड भी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
भाद्राजून थानाधिकारी लालसिंह के अनुसार, रामा गांव निवासी दीपनाथ (20) पुत्र तेजनाथ जोगी अपने साथी मुकेश कुमार पुत्र चोथनाथ जोगी के साथ सोमवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामा-भोरड़ा रोड पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास से गुजर रहा एक सांड भी वाहन की चपेट में आ गया।
दोनों युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को भाद्राजून अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मुकेश कुमार की हालत नाजुक देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया।
जोधपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
जोधपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मुकेश कुमार ने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस जांच में जुटी
परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में घायल सांड का भी उपचार कराया जा रहा है।