चित्तौड़गढ़ में गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट:18 से 21 मार्च तक मौसम बदलेगा, दो दिन से 38.6 डिग्री पर स्थिर तापमान
चित्तौड़गढ़ - चित्तौड़गढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 18 से 21 मार्च के बीच आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। वहीं पिछले दो दिनों से तापमान स्थिर रहने के बावजूद तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।
तेज धूप से दिन में बढ़ रही गर्मी
चित्तौड़गढ़ में सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, गर्मी और अधिक बढ़ जाती है। दोपहर के समय हालात ऐसे हो जाते हैं कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय भीड़ कम नजर आ रही है, जबकि सुबह और शाम के समय ही हल्की चहल-पहल देखने को मिल रही है।
दो दिन से तापमान स्थिर
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों से तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।दिन के साथ-साथ अब रात के समय भी हल्की गर्म हवा चलने लगी है, जिससे लोगों को राहत कम मिल रही है।
किसानों और मजदूरों पर असर
तेज गर्मी का असर आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों और मजदूरों पर भी दिखाई दे रहा है। किसान अब सुबह जल्दी या शाम के समय ही खेतों में काम कर रहे हैं, जबकि दिन के समय गर्मी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
18 मार्च से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 18 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इस सिस्टम के असर से 18 से 21 मार्च के बीच कई इलाकों में मेघ गर्जन, तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
19-20 मार्च को ज्यादा असर की संभावना
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर 19 और 20 मार्च को देखने को मिल सकता है। इन दिनों बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है