जयपुर एयरपोर्ट पर 4 घंटे का NOTAM लागू, कई उड़ानों पर असर
17 से 23 मार्च तक दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक रहेगा प्रभाव, अहमदाबाद-दिल्ली फ्लाइट रद्द, चंडीगढ़ उड़ान रीशेड्यूल
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे से जुड़े NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) आज से लागू कर दिया गया है, जिसके चलते उड़ान संचालन पर आंशिक असर देखने को मिल रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था 17 मार्च से 23 मार्च तक प्रभावी रहेगी, जबकि 24 मार्च से संचालन सामान्य होने की उम्मीद है।
रनवे मेंटेनेंस और आवश्यक तकनीकी कार्यों के चलते प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक NOTAM लागू रहेगा। इस दौरान कुछ फ्लाइट्स को रद्द किया गया है, जबकि कुछ के समय और फ्रीक्वेंसी में बदलाव किया गया है।
एयरलाइन IndiGo की जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट (6E-7031), जो दोपहर 1:25 बजे उड़ान भरती थी, को 17 से 23 मार्च तक के लिए अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। यह उड़ान अब 24 मार्च से अपने तय समय पर पुनः शुरू होगी।
इसी तरह जयपुर से दिल्ली के लिए दोपहर 1:55 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट (6E-5096) भी इसी अवधि में रद्द रहेगी। यात्रियों को इसकी जानकारी दे दी गई है और 24 मार्च से इसके फिर से संचालन की पुष्टि की गई है।
वहीं जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट (6E-7516) की फ्रीक्वेंसी में भी कटौती की गई है। सामान्य दिनों में सप्ताह में पांच दिन संचालित होने वाली यह उड़ान अब NOTAM अवधि के दौरान केवल एक दिन ही संचालित होगी।
इसके अलावा 22 मार्च को इस फ्लाइट के समय में बदलाव किया गया है। उस दिन यह उड़ान अपने निर्धारित समय दोपहर 1:45 बजे के बजाय दोपहर 12:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यह NOTAM रनवे रखरखाव और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए लागू किया गया है, ताकि भविष्य में उड़ान संचालन सुचारू और सुरक्षित बना रहे।