स्कूटी पर ड्रग्स ले जा रहे दो युवक गिरफ्तार, 3.3 ग्राम एमडीएमए बरामद
बालोतरा।
बालोतरा जिले की समदड़ी पुलिस ने ऑपरेशन विषभंजन के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी पर ड्रग्स ले जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.3 ग्राम एमडीएमए (एमडी) बरामद की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक रमेश (आईपीएस) ने बताया कि समदड़ी थाना पुलिस टीम बायपास रोड स्थित रीको एरिया में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कच्चे रास्ते से काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम और सरकारी वाहन को देखकर दोनों युवक घबरा गए और स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विरधाराम पुत्र शंकरलाल निवासी गोरखा चौक, समदड़ी और दिलीप कुमार पुत्र छगनलाल निवासी भानावास, समदड़ी के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उनके पास से 3.3 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और पैसों के लेन-देन को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विरधाराम के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। ऐसे में उसके पुराने नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।