जालोर में शीतला माता मेले की तैयारियां तेज, अस्थाई दुकानों की नीलामी 6 मार्च से

जालोर में शीतला माता मेले की तैयारियां तेज, अस्थाई दुकानों की नीलामी 6 मार्च से

10 मार्च को लगेगा मेला, 9 मार्च को कलेक्टर करेंगे उद्घाटन

जालोर।
जालोर नगर परिषद की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शीतला माता का पारंपरिक मेला 10 मार्च को आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर नगर परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में लगने वाली अस्थाई दुकानों के लिए 6 मार्च से 9 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेला स्थल पर नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

नगर परिषद आयुक्त दिलीप माथुर ने बताया कि शीतला माता मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण क्षेत्र के लोग पहुंचते हैं। ऐसे में मेले में विभिन्न प्रकार की अस्थाई दुकानें लगाई जाती हैं। इन दुकानों के लिए नगर परिषद द्वारा प्लॉट नीलामी के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे, ताकि व्यापारियों को व्यवस्थित तरीके से स्थान मिल सके।

उन्होंने बताया कि जो व्यापारी या इच्छुक व्यक्ति मेले में अस्थाई दुकान लगाना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथियों में मेला स्थल पर पहुंचकर अपने नाम से बोली लगा सकते हैं। नीलामी में सफल बोली लगाने वाले व्यक्तियों को नगर परिषद की ओर से दुकान लगाने के लिए प्लॉट आवंटित किया जाएगा।

9 मार्च को होगा मेले का भव्य उद्घाटन

नगर परिषद के अनुसार 10 मार्च को आयोजित होने वाले शीतला माता मेले के एक दिन पहले, यानी 9 मार्च को मेले की पूर्व संध्या पर जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे द्वारा मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।

मेले में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

नगर परिषद द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही मेला परिसर में यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

शीतला माता का यह पारंपरिक मेला जालोर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हैं और मेले का आनंद लेते हैं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook