जयपुर में शिव महापुराण कथा और नवरात्र मेले को लेकर ट्रैफिक प्लान लागू, कई रूट डायवर्ट

 जयपुर में शिव महापुराण कथा और नवरात्र

 मेले को लेकर ट्रैफिक प्लान लागू, कई रूट डायवर्ट



 जयपुर -में शिव महापुराण कथा और नवरात्र मेले के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। मानसरोवर के वी.टी. रोड मेला ग्राउंड में 20 से 26 मार्च तक कथा का आयोजन होगा, वहीं आमेर स्थित शिला माता मंदिर में 19 से 26 मार्च तक नवरात्र मेला लगेगा। दोनों आयोजनों को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और नो-पार्किंग लागू की गई है।

मानसरोवर क्षेत्र में ट्रैफिक बदलाव

कथा स्थल पर भारी भीड़ की संभावना के चलते मध्यम मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ने की स्थिति में वाहनों को वी.टी. रोड चौराहे से न्यू सांगानेर रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रजत पथ और अरावली मार्ग से भी ट्रैफिक को अन्य रास्तों पर मोड़ा जाएगा।



वीआईपी वाहनों की एंट्री केवल अरावली मार्ग से होगी। आम लोगों को शिप्रापथ रोड, मध्यम मार्ग, वी.टी. रोड और अरावली मार्ग से बचते हुए न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

नो-पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग

वी.टी. रोड और अरावली मार्ग पर पूरी तरह पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी, जबकि शिप्रापथ रोड और मध्यम मार्ग पर केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे।


  • खो-नागोरियन, मालवीय नगर, झालाना, जगतपुरा और सांगानेर से आने वाले लोग द्वारकादास पार्क, प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करें।

  • हरमाड़ा, विद्याधर नगर, सीकर रोड, कालवाड़, वैशाली नगर, सोडाला और परकोटा क्षेत्र से आने वाले वाहन अजमेर रोड, 200 फीट चौराहा और किसान धर्म कांटा होते हुए न्यू सांगानेर रोड से पहुंचेंगे।

आमेर में शिला माता मेले के लिए डायवर्जन

आमेर क्षेत्र में मेले के दौरान ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर वाहनों को रामगढ़ मोड़ से डायवर्ट कर धोबीघाट, बंध की घाटी और सडवा मोड़ के रास्ते निकाला जाएगा।

दिल्ली रोड से जयपुर आने वाले वाहनों को आमेर तिराहा से डायवर्ट कर सडवा मोड़ और धोबीघाट के जरिए शहर में प्रवेश दिया जाएगा।

बसों के लिए विशेष व्यवस्था

रामगढ़ मोड़ से आमेर जाने वाली बसों को जरूरत पड़ने पर धोबीघाट होते हुए दिल्ली बायपास से भेजा जाएगा। वापसी में बसों को आमेर तिराहा से डायवर्ट कर धोबीघाट के रास्ते रामगढ़ मोड़ लाया जाएगा।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का चयन करें। जरूरत पड़ने पर विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा।

और नया पुराने

Column Right

Facebook