जालोर में मौसम ने बदली करवट, आज-कल बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, जीरा-गेहूं की फसल पर संकट

 जालोर में मौसम ने बदली करवट, आज-कल बारिश का अलर्ट

तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, जीरा-गेहूं की फसल पर संकट



जालोर,(उजीर सिलावट) । जिले में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई रुक-रुक कर बारिश ने जहां तापमान में गिरावट ला दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज और कल भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।



सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर

गुरुवार तड़के करीब 6 बजे से जालोर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में 20 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश का यह दौर करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर जारी रहा, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और मौसम में ठंडक घुल गई। पिछले दो दिनों से जिले में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। बुधवार को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे, वहीं रात के समय चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। गुरुवार सुबह भी बादलों के बीच हल्की धूप नजर आई, जिससे मौसम बदला-बदला सा रहा।



फसलों पर पड़ा असर, किसानों की बढ़ी चिंता

अचानक हुए मौसम परिवर्तन का सबसे ज्यादा असर खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों पर पड़ा है। विशेष रूप से जीरा और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कई क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने लगी है। किसानों का कहना है कि इस समय फसल कटाई का दौर चल रहा है, ऐसे में बारिश से उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। यदि अगले दो दिनों तक इसी तरह बारिश जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है।

तापमान में गिरावट, ठंडक का अहसास

मौसम में बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस गिरकर 33.9 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन तेज ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर फिर महसूस होने लगा है।



अगले दो दिन मौसम रहेगा असरदार

मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय रहने से आज और कल जिले में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही आगामी 2-3 दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook