अजमेर में मॉल के बाहर दो गुटों में मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
अजमेर- अजमेर के सूचना केन्द्र चौराहे स्थित मॉल के बाहर शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच अचानक विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों गुटों के बीच लात-घूंसों और डंडों से जमकर झगड़ा हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजमेर रजिस्ट्रेशन नंबर की एक टैक्सी कार में सवार होकर कुछ युवक मौके पर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने सरेआम एक-दूसरे पर लात-घूंसे और डंडों से हमला किया।
बताया जा रहा है कि झगड़े में शामिल युवक एक ही क्षेत्र में छाछ की रेहड़ी लगाने के कारण एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए।
हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। वहीं राजस्थान पुलिस के कोतवाली थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो के जरिए शामिल युवकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।