रणथंभौर में दिखा रोमांच का सबसे दुर्लभ नजारा
शिकार के लिए पेड़ पर चढ़ गई टाइग्रेस ‘माही’
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में सोमवार सुबह ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सफारी पर आए पर्यटकों की धड़कनें तेज कर दीं। जोन-3 के पदम तालाब क्षेत्र में टाइग्रेस ‘माही’ ने शिकार के लिए कुछ ऐसा किया, जो बहुत कम देखने को मिलता है—वह सीधे पेड़ पर चढ़ गई।
बताया जा रहा है कि माही की नजर एक ग्रे हेरॉन पक्षी पर थी, जो पेड़ की डालियों पर बैठा हुआ था। शिकार की तलाश में माही ने बिना देर किए पेड़ पर चढ़ना शुरू कर दिया। करीब 3-4 मिनट तक यह रोमांचक पीछा चलता रहापक्षी डाल-डाल उड़ता रहा और माही उसे पकड़ने के लिए फुर्ती से ऊपर बढ़ती रही।
हालांकि, आखिर में ग्रे हेरॉन उड़ने में सफल रहा और माही का पहला प्रयास नाकाम हो गया। लेकिन हार मानने वाली माही ने पास के घोंसले में बैठे एक अन्य पक्षी को दबोच लिया और अपना शिकार पूरा किया।
इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद पर्यटकों ने कैमरे में कैद कर लिया। अचानक हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने सफारी को यादगार बना दिया।
गौरतलब है कि माही (RBT-2504), जो टाइग्रेस रिद्धी की बेटी है, अपनी फुर्ती और अनोखे शिकार के तरीकों के लिए जानी जाती है। इससे पहले भी उसे पेड़ों पर चढ़ते हुए देखा जा चुका है।
रणथंभौर में इस तरह का नजारा बेहद दुर्लभ माना जाता है, और यही वजह है कि माही एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा सकती है।