जल जीवन मिशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,
जल संरक्षण की दिलाई शपथ
जल जीवन मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में लोगों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों से जल बचत को लेकर संवाद किया गया और दैनिक जीवन में पानी के सही उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल ने कहा कि पानी प्रकृति का अनमोल उपहार है, जिसे सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर बनाए रखने के लिए कुओं के रिचार्ज और जल संचयन के पारंपरिक तरीकों पर ध्यान देना जरूरी है।
पालीवाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि नदियां जैसे लूणी नदी बहते हुए जल को जमीन तक पहुंचाती हैं, जिससे भूजल का पुनर्भरण होता है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी पानी की उपलब्धता को सहज मान रही है, जबकि हमारे पूर्वजों ने जल संकट का सामना किया है। इसलिए हमें उनकी सीख को याद रखते हुए पानी का संरक्षण करना चाहिए।
उन्होंने सभी से अपील की कि जल के महत्व को समझें और भविष्य के लिए इसे सुरक्षित रखें, क्योंकि “जल ही जीवन है”।