रामनवमी पर शहर में निकलेगी दो भव्य
शोभायात्राएं, कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
जयपुर-रामनवमी के पावन अवसर पर गुरुवार को शहर में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा। अलग-अलग क्षेत्रों से दो बड़ी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
पहली शोभायात्रा शाम 4 बजे सूरजपोल अनाज मंडी से रवाना होकर चांदपोल स्थित श्रीराम मंदिर तक पहुंचेगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और परकोटे के अंदर से होकर निकलेगी। मार्ग में रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता और त्रिपोलिया बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्रों से गुजरने के कारण इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यात्रा शुरू होने से पहले ही संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण 35 सजीव झांकियां होंगी, जिनमें रामचरितमानस के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही हाथी, ऊंट और घोड़ों का सुसज्जित लवाजमा, बैंड-बाजे और विद्युत झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी। विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे और रात करीब 10:30 बजे महाआरती के साथ यात्रा का समापन होगा।
दूसरी शोभायात्रा जैकब रोड स्थित प्राचीन शिव हनुमान मंदिर से शुरू होकर श्याम नगर तक जाएगी। यह यात्रा हसनपुरा, हटवाड़ा रोड, अजमेर रोड और न्यू सांगानेर रोड जैसे प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। इस दौरान अखाड़ों के प्रदर्शन, साधु-संतों के प्रवचन और आकर्षक झांकियां कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी।
इस यात्रा की खास बात सामाजिक सौहार्द की झलक होगी, जहां हसनपुरा क्षेत्र में मुस्लिम समाज द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। साथ ही नासिक ढोल की प्रस्तुति और विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। जरूरी सेवाओं जैसे एम्बुलेंस को छूट दी जाएगी।