जोधपुर में फिल्मी स्टाइल किडनैपिंग: चलती बस से युवक उठा ले गए बदमाश, शहर में हाई अलर्ट

 जोधपुर में फिल्मी स्टाइल किडनैपिंग:

 चलती बस से युवक उठा ले गए बदमाश, शहर में हाई अलर्ट



जोधपुर-जोधपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। डांगियावास थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक हैरान कर देने वाली किडनैपिंग की वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने चलती रोडवेज बस को रोककर एक युवक को अगवा कर लिया।

जानकारी के अनुसार, फलोदी डिपो से जयपुर जा रही बस को रात करीब 10 बजे डांगियावास के पास एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली फॉर्च्यूनर ने ओवरटेक कर रुकवा दिया। गाड़ी से उतरे बदमाश सीधे बस में घुसे और एक युवक को जबरन खींचकर बाहर ले गए। युवक मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन अचानक हुई इस घटना से सहमे यात्री कुछ समझ ही नहीं पाए।

बदमाश युवक को अपनी गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बस चालक तुरंत डांगियावास थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से जयपुर रवाना किया और किराया भी रिफंड करवाया।

अपहृत युवक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक बदमाशों या गाड़ी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

इसी बीच, जोधपुर में ही दिनदहाड़े एक और किडनैपिंग की घटना सामने आई है। सुबह करीब 11:15 बजे कुछ बदमाशों ने सरेआम एक युवक को कार में डालकर फरार हो गए। पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

और नया पुराने

Column Right

Facebook