जालोर में दिनदहाड़े मंदिरों में चोरी, ठाकुर जी मंदिर से चांदी के आभूषण ले उड़े बदमाश

 जालोर में दिनदहाड़े मंदिरों में चोरी, 

ठाकुर जी मंदिर से चांदी के आभूषण ले उड़े बदमाश


जालोर-
राजस्थान के जालोर शहर में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई। शहर के व्यस्त इलाके भंडारियों के वास की गली में स्थित ठाकुर जी मंदिर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चोर दोपहर करीब 1 बजे से 5 बजे के बीच मंदिर में घुसे, जब वहां कोई मौजूद नहीं था। बदमाशों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और भगवान ब्रह्मा व विष्णु की मूर्तियों पर सजे चांदी के मुकुट, छत्र, हाथों के कड़े और चांदी की दो गाय की प्रतिमाएं चोरी कर लीं। चोरी गए आभूषणों का वजन करीब 800 ग्राम बताया जा रहा है।

शाम के समय स्थानीय लोगों ने मंदिर का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें शक हुआ। सूचना मिलते ही पुजारी और समाज के लोग मौके पर पहुंचे, जहां चोरी का खुलासा हुआ।


इसी दौरान पास में स्थित जैन समाज के शिव परिवार मंदिर के ताले भी तोड़े गए, हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारियों और श्रद्धालुओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook