पाली में संदिग्ध रंगाई-छपाई का भंडाफोड़: दो मकानों पर कार्रवाई, कमरे सील
पाली शहर में देर रात नगर निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मकानों में चल रही संदिग्ध रंगाई-छपाई गतिविधियों का खुलासा किया। टीम ने मौके से मशीनें और रंगाई से जुड़ा सामान जब्त कर दोनों मकानों के कमरे सील कर दिए।
जानकारी के अनुसार, नवलखा रोड स्थित भिश्तियों की गली में रंगीन पानी बाहर निकलने की शिकायत मिली थी। इसके बाद निगम की टीम रात करीब 9 बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान एक मकान के बाहर बने गड्ढों (होदियों) में रंगीन पानी मिला। शक के आधार पर जब टीम अंदर पहुंची तो वहां रंग से भरी वॉशिंग मशीन और अन्य उपकरण मिले। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक कमरे को सील कर दिया।
इसके बाद पास ही स्थित दूसरे मकान की भी तलाशी ली गई। यहां फर्श पर रंग के निशान और छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें मिलीं। इस मकान में भी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सामान जब्त कर कमरे को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध रूप से चल रही और प्रदूषण फैलाने वाली ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इससे पहले भी इसी तरह की कार्रवाई में कई इकाइयों को बंद किया जा चुका है।