उम्मेद अस्पताल में क्वार्टर विवाद
नर्सिंगकर्मियों का प्रदर्शन, केयरटेकर पर कब्जे का आरोप
उम्मेद हॉस्पिटल में सरकारी क्वार्टर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नर्सिंगकर्मियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अलॉट किया गया आवास पिछले तीन महीनों से अस्पताल के केयरटेकर के कब्जे में है, जबकि उनके वेतन से लगातार हाउस रेंट काटा जा रहा है।
3 महीने से नहीं मिला क्वार्टर
नर्सिंगकर्मियों के अनुसार 21 जनवरी 2026 को उन्हें राजकीय आवास अलॉट किया गया था, लेकिन अब तक उसमें रहने का अधिकार नहीं मिल सका। आरोप है कि हॉस्पिटल का केयरटेकर अवैध रूप से उस क्वार्टर में रह रहा है और प्रशासन इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा।
अधीक्षक के खिलाफ प्रदर्शन
बुधवार को आक्रोशित नर्सिंगकर्मी अस्पताल पहुंचे और अधीक्षक के कमरे के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अस्पताल प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है, जिसके चलते समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
धमकाने का भी आरोप
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेड़तिया ने बताया कि केयरटेकर द्वारा नर्सिंगकर्मी को धमकाने के भी आरोप हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे नर्सिंगकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन का जवाब
अस्पताल अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना ने कहा कि नर्सेज एसोसिएशन अपनी मांग लेकर आया है और इस पर विचार किया जाएगा