अजमेर में भजन संध्या बनी विवाद का कारण! कव्वाली गाने पर भड़के संगठन, गायक को बीच कार्यक्रम में मंच छोड़ना पड़ा
अजमेर-के शास्त्री नगर इलाके में रविवार रात एक भजन संध्या के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब भजन गायक जॉन अजमेरी का विरोध शुरू हो गया। विरोध बढ़ने पर उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले अलवर गेट क्षेत्र में हुए माता के जागरण में जॉन अजमेरी ने कव्वाली प्रस्तुत की थी। इसी बात को लेकर कुछ हिंदू संगठनों में नाराजगी थी।
रविवार रात जब जॉन अजमेरी गणेशगढ़ मंदिर में भजन गाने पहुंचे, तो बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और विरोध जताया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद गायक को मंच छोड़ना पड़ा। बाद में कार्यक्रम दोबारा शुरू किया गया।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि धार्मिक कार्यक्रमों की परंपरा का पालन होना चाहिए और इस तरह की प्रस्तुति से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं।