पाली में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई:
पीछा कर तस्करों की कार पकड़ी, 192 किलो डोडा-पोस्त बरामद
पाली -जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने गुरुवार रात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में डोडा-पोस्त बरामद किया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
एएनटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर तस्कर राजसमंद के दिवेर नाल क्षेत्र से पाली की ओर आ रहे हैं। सूचना पर टीम ने सम्भारिया और कोट सोलंकियान के पास नाकाबंदी कर दी।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने के लिए स्टॉप-स्टिक का इस्तेमाल किया गया, जिससे कार के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद तस्कर वाहन को तेज गति से भगाते रहे। एएनटीएफ टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन पकड़े जाने का अंदेशा होते ही तस्कर बीच रास्ते कार छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए।
तलाशी लेने पर कार से 192.800 किलोग्राम डोडा-पोस्त और 12 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार तस्कर कार्रवाई से बचने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
बरामद कार और मादक पदार्थ को खिंवाड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ चौकी प्रभारी सूरजभान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल वागाराम, अजित सिंह, किशन सिंह, मनोज और रमेश की टीम शामिल रही।