मोदरान को मिली बड़ी रेल सौगात: चेन्नई सुपरफास्ट का 3 मिनट ठहराव शुरू
जालोर(मारवाड़)-क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भगत की कोठी–एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब मोदरान रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मंजूरी मिल गई है। यह नई व्यवस्था 20 अप्रैल से लागू होगी, जिससे दक्षिण भारत तक सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 20625/20626 दोनों दिशाओं में यहां 3 मिनट रुकेगी और यह ठहराव सप्ताह में 5 दिन प्रभावी रहेगा। जोधपुर मंडल के DRM अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
तय समय अनुसार ठहराव
चेन्नई से भगत की कोठी आने वाली ट्रेन (20625) सुबह 07:43 बजे पहुंचेगी और 07:46 बजे रवाना होगी। वहीं भगत की कोठी से चेन्नई जाने वाली ट्रेन (20626) सुबह 08:24 बजे आएगी और 08:27 बजे प्रस्थान करेगी।
इस नए स्टॉपेज से मारवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत कम होगी। खासकर दक्षिण भारत में काम या व्यापार से जुड़े लोगों के लिए यात्रा अब अधिक आसान, तेज और किफायती हो जाएगी