बाड़मेर में बदला मौसम: बूंदाबांदी से गर्मी पर ब्रेक, 6 अप्रैल से फिर आंधी-बारिश का दौर

 बाड़मेर में बदला मौसम: बूंदाबांदी से गर्मी पर ब्रेक, 

6 अप्रैल से फिर आंधी-बारिश का दौर


बाड़मेर में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दी है। शुक्रवार सुबह से ही शहर में रिमझिम बारिश और बादलों की आवाजाही से मौसम सुहावना बना हुआ है। हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई है।

मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौजूदा सिस्टम का असर 4 अप्रैल तक जारी रहेगा, जबकि 6 और 7 अप्रैल को एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने की संभावना है, जिससे फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

गुरुवार को भी दिन में तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और शाम होते-होते तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे रात के समय ठंडक बढ़ गई।

बूंदाबांदी और हवाओं के असर से तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है। दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मौसम के अस्थिर बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 6 अप्रैल से सक्रिय होने वाला नया सिस्टम एक बार फिर मौसम में बदलाव ला सकता है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook