नाकाबंदी तोड़कर भागा हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
, पीछा कर पुलिस ने दबोचा
जोधपुर में राज्य स्तरीय सघन नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
देवनगर थाना पुलिस गुरुवार शाम चौपासनी रोड स्थित लाल पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ड्राइवर ने नाकाबंदी तोड़ते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी भगा दी। पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और पीछा कर कुछ दूरी पर गाड़ी को रुकवा लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान हनुमान विश्नोई (32) निवासी बनाड़ क्षेत्र के रूप में हुई। मौके पर ही राजकॉप ऐप के जरिए जांच करने पर सामने आया कि वह हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत करीब 12 मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी भीलवाड़ा और जोधपुर के डांगियावास थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी थे।
पुलिस ने आरोपी को शांति भंग की आशंका में प्रिवेंटिव कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर लिया और स्कॉर्पियो जब्त कर ली। बाद में उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई के लिए भीलवाड़ा पुलिस को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में देवनगर थाना टीम के साथ एएसआई और पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।