आजादी के 75 साल बाद जवाली पहुंची पहली रोडवेज बस,
गांव में जश्न जैसा माहौल
पाली। जिले के रानी उपखंड स्थित जवाली गांव के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। आजादी के बाद पहली बार गांव में रोडवेज एसी बस पहुंची तो ग्रामीणों की खुशी देखते ही बनी। सालों से इंतजार कर रहे लोगों ने बस का स्वागत ढोल-नगाड़ों, फूलमालाओं और मिठाइयों के साथ किया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारी, वहीं कई ग्रामीणों की आंखें खुशी से नम हो गईं।
करीब 4 से 5 हजार मतदाताओं वाले इस गांव में अब तक न तो रोडवेज बस की सुविधा थी और न ही निजी बसों का नियमित संचालन होता था। ऐसे में ग्रामीणों को आवाजाही के लिए निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था या घंटों इंतजार करना पड़ता था।
ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों के सामने बस सेवा शुरू करने की मांग रखी। इसके बाद प्रयास रंग लाए और अब जवाली को दो रोडवेज बसों की सौगात मिली है। ये बसें जोधपुर से रवाना होकर पाली, खौड़, जवाली और नाडोल होते हुए उदयपुर तक जाएंगी।
ग्रामीण उत्तम गांधी ने बताया कि यह दिन गांव के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। सुबह 8 बजे और 10 बजे जोधपुर से चलने वाली बसें क्रमशः करीब 10:30 बजे और 12:30 बजे जवाली पहुंचेंगी, जिससे आसपास के गांवों को भी राहत मिलेगी।
बस के गांव पहुंचते ही पूरे माहौल में उत्सव जैसा दृश्य बन गया। ड्राइवर और कंडक्टर का स्वागत फूलमालाओं से किया गया, मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने इस पल को यादगार बना दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक अधिकतर बसें सोमेसर होकर निकल जाती थीं, लेकिन जवाली में स्टॉपेज मिलने से शिक्षा, इलाज और रोजमर्रा के कामों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।