पाली में तेज रफ्तार डम्पर का कहर, युवा डॉक्टर की मौत साथी डॉक्टर कोमा में, चालक फरार

पाली में तेज रफ्तार डम्पर का कहर, युवा डॉक्टर की मौत
साथी डॉक्टर कोमा में, चालक फरार



पाली। शहर के नया गांव रोड पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा डॉक्टर की जान चली गई, जबकि उसका साथी डॉक्टर गंभीर हालत में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। हादसा रात करीब 1 बजे गुर्जर छात्रावास के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार डम्पर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, आगे चल रहे डम्पर ने अचानक यू-टर्न लिया। सामने अचानक डम्पर आने से कार सवार डॉक्टर संभल नहीं सके और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इस हादसे में जालोर जिले के दांता (सांचौर) निवासी 34 वर्षीय डॉक्टर शैलेष विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पाली जिले के धिंगाणा निवासी 30 वर्षीय डॉक्टर गौरव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई है और वे फिलहाल कोमा में हैं। उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों डॉक्टर पाली के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थे और अस्पताल के पीछे किराए के मकान में साथ रहते थे।

हादसे के बाद डम्पर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

घटना की खबर मिलते ही दोनों डॉक्टरों के परिजन पाली पहुंच गए। वहीं अस्पताल स्टाफ और साथी डॉक्टरों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

 

और नया पुराने

Column Right

Facebook