सुमेरपुर में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़: पाम ऑयल और केमिकल से बन रहा था ‘ब्रांडेड’ घी

 सुमेरपुर में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़: पाम ऑयल और केमिकल से बन रहा था ‘ब्रांडेड’ घी


पाली। सुमेरपुर क्षेत्र में शादियों के सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी घी बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने मौके से भारी मात्रा में नकली घी और पैकिंग सामग्री जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने संजय नगर स्थित एक गोदाम पर बुधवार रात दबिश दी। यहां पाम ऑयल और हानिकारक केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था, जिसे नामी ब्रांड्स के नाम से बाजार में बेचा जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान करीब 141 टीन (15-15 किलो) मिलावटी घी, विभिन्न कंपनियों के नाम से पैक 21 कार्टून पॉलिपैक (करीब 315 लीटर) और अन्य पैकिंग सामग्री बरामद की गई। इसके साथ ही घी बनाने में इस्तेमाल हो रही मशीनें, गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।



टीम ने मौके से घी के 6 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पाम ऑयल में केमिकल मिलाकर उसे असली घी के रूप में पैक किया जा रहा था।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं। अधिकारियों के अनुसार, गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और शादी सीजन को देखते हुए बड़े स्तर पर नकली घी की सप्लाई की तैयारी कर रहा था।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि घी या अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध उत्पादों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

और नया पुराने

Column Right

Facebook