जालोर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: लाठी-सरियों से हमला, दो घायल

 जालोर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: 

लाठी-सरियों से हमला, दो घायल



जालोर। जालोर शहर में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में लाठी और सरियों से हमला किया गया, जिसमें एक पक्ष के दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, सर्किट हाउस के पीछे स्थित एक पुश्तैनी खेत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है, वहीं इसको लेकर कई बार पुलिस में शिकायत भी दी जा चुकी है।




पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बुधवार दोपहर जब उनका परिजन खेत पर पहुंचा, तो दूसरे पक्ष के लोग वहां रास्ते पर अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद पहले से बुलाए गए लोगों ने लाठियों और सरियों से हमला कर दिया।

हमले में प्रवीण कुमार और महेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रवीण के हाथ और पीठ पर चोटें आई हैं, जबकि महेश के सिर पर गहरी चोट लगने से उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने

Column Right

Facebook