पाली में नाबालिग को भगाने वाला युवक तेलंगाना से गिरफ्तार,
शादी का झांसा देकर ले गया था साथ
पाली- जिले में नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 4 हजार किलोमीटर दूर तेलंगाना से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता 15 वर्षीय नाबालिग है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है और मजदूरी करने के लिए निर्माण स्थल पर जाती थी। वहीं उसकी पहचान 31 वर्षीय युवक शंकरलाल से हुई। आरोपी ने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का वादा किया।
जब नाबालिग ने यह बात अपनी मां को बताई तो मां ने उसकी कम उम्र का हवाला देते हुए समझाइश की और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। इसके बावजूद आरोपी ने जनवरी 2026 में उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया।
बेटी के अचानक लापता होने पर परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन तेलंगाना के विजयवाड़ा क्षेत्र में मिली।
पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दोनों को बरामद किया और 29 मार्च को पाली लेकर आई। मेडिकल जांच के बाद नाबालिग को परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।