बाड़मेर में सख्त हथियारबंद नाकाबंदी, गाड़ियों की सघन जांच
लाइसेंसी बंदूक मिलने पर जांच के बाद छोड़ा
बाड़मेर में रविवार को पुलिस ने पूरे जिले में A कैटेगिरी की हथियारबंद नाकाबंदी करते हुए सड़कों पर सख्ती दिखाई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म और नियमों के विरुद्ध एक्सेसरीज लगी गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए।
चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के पास लाइसेंसी बंदूक भी मिली। पुलिस ने तुरंत उसके लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। सभी कागजात सही पाए जाने पर व्यक्ति को जाने दिया गया।
शहर के चौहटन सर्किल, सिणधरी रोड और अहिंसा सर्किल सहित कई जगहों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सख्ती से जांच की गई। कई वाहनों से अवैध एक्सेसरीज मौके पर ही हटवाई गई।
यह विशेष अभियान हाल ही में नियुक्त एसपी चूनाराम जाट के निर्देश पर चलाया गया। इसका उद्देश्य जिले में अवैध हथियार, मादक पदार्थ और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है। सभी थाना पुलिस को सतर्क रहते हुए सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि नाकाबंदी के दौरान सहयोग करें, ताकि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जा सके