लोकार्पण से पहले पचपदरा रिफाइनरी में आग, मचा हड़कंप
बाड़मेर-पचपदरा रिफाइनरी में लोकार्पण से ठीक एक दिन पहले अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जब रिफाइनरी की सीडीयू यूनिट में आग भड़क उठी। आग लगते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रिफाइनरी परिसर से काले धुएं के गुबार उठते देख अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत फायर सेफ्टी सिस्टम एक्टिव कर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, वहीं फायर ब्रिगेड की मदद से स्थिति संभालने के प्रयास जारी हैं।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब मंगलवार को प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा रिफाइनरी का उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। साथ ही मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma भी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचने वाले थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। राहत की बात यह है कि समय रहते कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं