लोकार्पण से ठीक पहले धधकी पचपदरा रिफाइनरी
टेस्टिंग के बीच ट्रायल यूनिट में लगी आग’, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
बाड़मेर-जिले के पचपदरा में स्थित रिफाइनरी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोकार्पण से महज एक दिन पहले ही एक यूनिट में अचानक आग भड़क उठी। जिस परियोजना का उद्घाटन कल प्रधानमंत्री Narendra Modi के हाथों होना है, उसी साइट पर उठते धुएं के गुबार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय रिफाइनरी की एक प्रोसेसिंग यूनिट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते काले धुएं के गुबार आसमान में फैलने लगे, जिससे आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई। घटना स्थल सभा स्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है, जहां कल बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है।
रिफाइनरी प्रबंधन ने तुरंत फायर सेफ्टी सिस्टम एक्टिव कर दिया और दमकल टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रायल या टेस्टिंग फेज के दौरान तकनीकी गड़बड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पाने की कोशिश लगातार जारी है और स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लोकार्पण से ऐन पहले हुई इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या तय कार्यक्रम के अनुसार उद्घाटन होगा या सुरक्षा समीक्षा के बाद कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा