जयपुर में बीजेपी की पदयात्रा रोकी गई,
बैरिकेडिंग पर चढ़ीं सुमन शर्मा; महिला आरक्षण को लेकर गरमाया माहौल
भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिला आरक्षण मुद्दे पर जयपुर में निकाली गई जन आक्रोश पदयात्रा को पुलिस ने कमिश्नरेट के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ, जहां महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा बैरिकेड्स पर चढ़ गईं और आगे बढ़ने की कोशिश की।
पदयात्रा से पहले पार्टी कार्यालय में सभा आयोजित की गई, जिसमें भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम दीया कुमारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद शहीद स्मारक के लिए पदयात्रा रवाना की गई थी, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 17 अप्रैल को ऐतिहासिक दिन बन सकता था, लेकिन विपक्ष ने इसे “काला दिन” बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वालों ने महिलाओं को उनका हक नहीं दिया और अब भी डर की राजनीति कर रहे हैं।
वहीं डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने विपक्ष पर महिलाओं के अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे लोगों को जनता से वोट मांगने का भी अधिकार नहीं है।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं, जो हाथों में महिलाओं के अधिकार से जुड़े पोस्टर लेकर नारेबाजी करती नजर आईं। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।