पाली में आवारा कुत्तों के कारण हादसा: बाइक सवार पोल से टकराए, दो युवक घायल
पाली शहर के रामदेव रोड क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या एक बार फिर सामने आई है। कुत्तों के झुंड से बचने के प्रयास में बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल को दो युवक बाइक से गुजर रहे थे। इसी दौरान 3-4 कुत्ते उनके पीछे भौंकते हुए दौड़ने लगे। घबराहट में बाइक सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगे लाइट पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।
घायलों की पहचान रजत नगर निवासी 18 वर्षीय परबतसिंह और 12 वर्षीय भावेश के रूप में हुई है। दोनों पिंजरापोल गौशाला की ओर जा रहे थे। टक्कर में परबतसिंह के पैर और कंधे में फ्रैक्चर हो गया, जबकि भावेश के चेहरे पर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उनका आरोप है कि नगर निगम की अनदेखी के कारण समस्या गंभीर होती जा रही है।
वहीं, क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि कुछ युवक गली में बाइक स्टंट करते हैं और कुत्तों को उकसाते हैं, जिससे वे आक्रामक हो जाते हैं और राहगीरों पर हमला करने लगते हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और इलाके में स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।