राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव पर विवाद तेज,
छात्रों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। विश्वविद्यालय के छात्रों और छात्र संगठनों ने प्रशासन पर राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने को लेकर लंबे समय से कानूनी लड़ाई चल रही थी। कोर्ट ने जनवरी में बैठक बुलाने और मार्च से पहले चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने आरोप लगाया कि जब अदालत के आदेशों को ही गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, तो आम छात्रों की समस्याओं को कैसे सुना जाएगा। उनका कहना है कि इस मामले में दोबारा कोर्ट का रुख किया गया है, जहां वाइस चांसलर के खिलाफ नोटिस जारी होने की बात सामने आई है।
छात्रों ने इस मुद्दे को केवल चुनाव तक सीमित न बताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई करार दिया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, पूरे घटनाक्रम पर अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।