जयपुर में सरेआम युवक पर हमला
लेन-देन विवाद में डंडों-सरियों से पिटाई, VIDEO वायरल
जयपुर-में लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महेश नगर थाना इलाके में बदमाशों ने एक युवक को बीच सड़क पर घेरकर डंडों और सरियों से बेरहमी से पीट दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, रामनगर विस्तार निवासी हरिशंकर मंगलवार रात करीब 8:30 बजे स्वेज फार्म सर्किल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका परिचित राहुल और गौतम अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
हमलावरों ने युवक को सड़क पर गिराकर लाठियों और लोहे की सरियों से ताबड़तोड़ हमला किया। इतना ही नहीं, पास में रखे लोहे के ड्रम और बाल्टी से भी वार किए गए। सरेआम हो रही इस घटना को देखने के लिए मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही महेश नगर थाने की चेतक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही सभी आरोपी फरार हो गए। वहीं, मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जांच में मामला पुराने लेन-देन के विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।