पाली-दिल्ली सीधी ट्रेन की सौगात:
रोजाना मिलेगी सुविधा, जालोर को भी बड़ा फायदा
पाली जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब पाली से दिल्ली के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है, जो सप्ताह के सातों दिन चलेगी। यह ट्रेन भुज से दिल्ली के बीच वाया पाली संचालित होगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस नई सुविधा को लेकर पीपी चौधरी ने बताया कि वे लंबे समय से इस मांग को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से लगातार प्रयास कर रहे थे, जिसके बाद यह सौगात संभव हो पाई।
ऐसा रहेगा संभावित टाइमिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन रात करीब 10:48 बजे पाली पहुंचेगी और 10:53 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह करीब 11:45 बजे दिल्ली पहुंचाएगी।
वहीं, जयपुर जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा—ट्रेन सुबह करीब 6:20 बजे जयपुर पहुंचेगी, जिससे लोग दिनभर काम निपटा कर वापस लौट सकेंगे।
इन जिलों को भी होगा फायदा
इस ट्रेन से पाली के साथ-साथ जालोर जिले के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। व्यापार, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े यात्रियों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सांसद चौधरी के अनुसार, इस ट्रेन के शुरू होने से पाली मारवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को नई गति मिलेगी। यह लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम है।
पूरा रूट (संभावित)
ट्रेन भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होकर भीलड़ी, जालोर, लूणी होते हुए पाली पहुंचेगी और आगे जयपुर व रेवाड़ी के रास्ते दिल्ली जाएगी।
हालांकि, रेलवे द्वारा जल्द ही इसका आधिकारिक टाइमटेबल जारी किया जाएगा।