देबावास की बेटी लक्षिता बनी RPSC टॉपर:
अंग्रेजी विषय में पूरे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
राजस्थान लोक सेवा आयोग की प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) परीक्षा 2024-25 में जालोर जिले के देबावास गांव की लक्षिता ने शानदार सफलता हासिल करते हुए अंग्रेजी विषय में पूरे राजस्थान में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और जिले में गर्व का माहौल है।
रोज 7-8 घंटे की पढ़ाई से मिली सफलता
लक्षिता ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल तक जयपुर में रहकर परीक्षा की तैयारी की। इस दौरान वे रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती थीं। नियमित अभ्यास और अंग्रेजी विषय पर मजबूत पकड़ उनकी सफलता का मुख्य आधार रहा।
पढ़ाई में शुरू से ही अव्वल
लक्षिता की शुरुआती शिक्षा देबावास के सरकारी स्कूल से हुई। इसके बाद 12वीं पाली जिले के विद्यावाड़ी से 98.60% अंकों के साथ जिला टॉप किया। आगे की पढ़ाई उन्होंने उदयपुर से पूरी की। 27 साल की उम्र में उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की।
पिता से मिला मार्गदर्शन
लक्षिता के पिता डूंगरसिंह जालोर के सराणा गांव में शिक्षक हैं। घर में पढ़ाई का माहौल और पिता के मार्गदर्शन ने लक्षिता को इस मुकाम तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।
गांव में जश्न का माहौल
रिजल्ट आते ही देबावास गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीण लगातार लक्षिता को बधाई देने पहुंच रहे हैं। उनकी यह सफलता खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।