राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज
आंधी-बारिश थमी, अब बढ़ेगी गर्मी
जयपुर-राजस्थान में बीते दिनों आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण अप्रैल महीने में भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही थी, लेकिन अब मौसम साफ होने लगा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
पिछले 24 घंटों में अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, झुंझुनूं, अलवर, करौली और फलोदी समेत कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई। करौली के टोडाभीम में 4 मिमी, लोहावट (फलोदी) में 5 मिमी तथा बानसूर-बहरोड़, सुजानगढ़ और बुहाना में करीब 2-2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। जयपुर के कोटपूतली क्षेत्र में भी हल्की बरसात हुई।
लगातार बदले मौसम के चलते दिन का तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है। हालांकि, अब बारिश का दौर कमजोर पड़ने से जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और दौसा जैसे जिलों में धूप तेज होने लगी है और तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जयपुर, सीकर, कोटा, उदयपुर और बीकानेर सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे ही बना रहा।
इस बीच, जयपुर की जल आपूर्ति का प्रमुख स्रोत बीसलपुर बांध भी बारिश से लाभान्वित हुआ है। बांध में हाल के दिनों में एक सेंटीमीटर से अधिक पानी की आवक दर्ज की गई है और वर्तमान जलस्तर 314.51 आरएल मीटर पर पहुंच गया है, जो पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति दर्शाता है।
मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में मौसम स्थिर रहेगा। दिन में तेज धूप के कारण तापमान में करीब 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है और आने वाले दिनों में गर्मी फिर से असर दिखाने लगेगी