जालोर में विद्युत कार्मिकों का बकाया भुगतान को लेकर ज्ञापन, दो माह का वेतन व अन्य राशि दिलाने की मांग

 जालोर में विद्युत कार्मिकों का बकाया भुगतान को लेकर ज्ञापन, दो माह का वेतन व अन्य राशि दिलाने की मांग

JBS कंपनी व RRVPNL पर बकाया रोकने का आरोप, कलेक्टर के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन





जालोर, (उजीर सिलावट)। जिले के विभिन्न 132 केवी जीएसएस पर कार्यरत विद्युत कार्मिकों ने लंबित भुगतान को लेकर जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। कार्मिकों ने जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश मेवाड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए M/S JBS कंपनी एवं आरआरवीपीएनएल से बकाया राशि दिलाने की मांग की। कार्मिकों ने बताया कि वे जालोर जिले के उम्मेदपुर, बागरा, बाकरा, रामसीन एवं माण्डवला स्थित 132 केवी जीएसएस पर कार्यरत रहे हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि अधीक्षण अभियंता, RRVPNL सर्कल सिरोही एवं अधिशाषी अभियंता RRVPNL जालोर को भी भेजी गई है।

दो माह का वेतन और मेंटेनेंस राशि बकाया

ज्ञापन में कार्मिकों ने आरोप लगाया कि M/S JBS कंपनी द्वारा अगस्त 2024 एवं सितम्बर 2024 के दो माह का वेतन, साथ ही मेंटेनेंस, पानी के केम्पर खर्च, बिजली बिल और अन्य सामग्री खरीद की राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि यह राशि लंबे समय से लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

टेंडर रद्द होने के बाद भी नहीं मिला भुगतान

कार्मिकों के अनुसार, जनवरी 2024 में कंपनी द्वारा RRVPNL से टेंडर लेकर उन्हें कार्य पर लगाया गया था और प्रारंभिक अवधि में नियमित भुगतान किया गया। लेकिन बाद में RRVPNL द्वारा कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया गया। इसके बावजूद बकाया भुगतान नहीं किया गया, जबकि कार्मिक वर्तमान में दूसरी कंपनी के अधीन कार्य कर रहे हैं।

कंपनी से संपर्क के प्रयास भी विफल

कार्मिकों ने बताया कि उन्होंने कई बार कंपनी को प्रार्थना पत्र दिए और संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ऐसे में उन्हें प्रशासन से हस्तक्षेप की उम्मीद है।

सिक्योरिटी राशि से भुगतान कराने की मांग

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कंपनी द्वारा टेंडर के समय करोड़ों रुपये की सिक्योरिटी राशि RRVPNL में जमा करवाई गई थी, जो अभी भी विभाग के पास है। कार्मिकों ने मांग की कि इसी राशि से उनका बकाया भुगतान कराया जाए।

प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग

कार्मिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अधीक्षण अभियंता को निर्देशित कर M/S JBS कंपनी अथवा RRVPNL के माध्यम से दो माह का वेतन, मेंटेनेंस, पानी केम्पर खर्च, बिजली बिल व अन्य बकाया राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। इस दौरान अशोक कुमार थांवल, दिनेश कुमार (उम्मेदपुर), हरीश कुमार, प्रवीण कुमार, ललित कुमार खरल, रमेश बागरा, रतन लाल बाकरा, विक्रम मीणा बाकरा, भरत रामसीन सहित कई कार्मिक उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Column Right

Facebook