जालोर में टंकी पर चढ़ा युवक, जमीन विवाद को लेकर आत्महत्या की चेतावनी

 जालोर में टंकी पर चढ़ा युवक,

 जमीन विवाद को लेकर आत्महत्या की चेतावनी


जालोर जिले में जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने शुक्रवार को हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया। बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के मूड़ी गांव निवासी भंवर सिंह अचानक शहर के बागोड़ा रोड स्थित महात्मा गांधी राजकीय हनुमान शाला स्कूल परिसर में बनी करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक युवक को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। आखिरकार पुलिसकर्मी टंकी पर चढ़े और समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।



युवक का आरोप है कि उसने करीब एक साल पहले मूड़ी गांव में अपनी 25 बीघा जमीन ओबाराम देवासी को बेची थी, लेकिन धोखे से 47 बीघा जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। इस मामले में शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से वह परेशान था।

भंवर सिंह ने बताया कि वह आठ दिन पहले भी कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। टंकी पर चढ़ते समय वह अपने साथ पानी का डिब्बा भी लेकर गया था।

फिलहाल पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook