जालोर में हवाई हमले की मॉक ड्रिल,
रेस्क्यू टीमों ने दिखाई तत्परता
जालोर में शुक्रवार को आपदा प्रबंधन को लेकर हवाई हमले की स्थिति पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। दोपहर करीब 2:30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि एक रेस्टोरेंट पर हवाई हमला हुआ है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, सिविल डिफेंस और मेडिकल टीमों ने तुरंत मौके के लिए रवाना होकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मॉक ड्रिल शहर के विजय विहार रेस्टोरेंट में की गई, जहां 11 लोगों के घायल होने का सीन बनाया गया। रेस्क्यू टीमों ने अंदर फंसे लोगों को रस्सियों के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। करीब 45 मिनट तक चले इस अभ्यास में टीमों के रिस्पॉन्स टाइम और समन्वय की परख की गई।
घटना की सूचना पर एडीएम राजेश मेवाड़ा और सीओ गौतम जैन सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मेडिकल टीम ने अस्थायी उपचार केंद्र बनाकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संतोष जताया।
इसी क्रम में जसवंतपुरा क्षेत्र के सुंधा माता मंदिर स्थित रोप-वे पर भी आपात स्थिति की मॉक ड्रिल की गई। रोप-वे रुकने की स्थिति में चार यात्रियों के फंसने का सीन तैयार किया गया, जिन्हें रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित नीचे उतारा।
इस दौरान एडीएम डॉ. पूजा सक्सेना, एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट प्रवीण कुमार, उपखंड अधिकारी प्रीति चक सहित पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और चिकित्सा विभाग की टीमें मौजूद रहीं। अभ्यास के जरिए आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय का परीक्षण किया गया।