पत्नी के फर्जी साइन से पैसे निकालने की साजिश नाकाम,
पति गिरफ्तार
जॉइंट अकाउंट से निकासी का प्रयास, बैंक की सतर्कता से खुला राज; कोर्ट ने भी आचरण पर उठाए सवाल
जोधपुर में पत्नी के जाली हस्ताक्षर कर बैंक खाते से रकम निकालने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला महामंदिर थाना क्षेत्र का है, जहां लंबे समय से चल रहे वैवाहिक और कारोबारी विवाद ने अब आपराधिक मोड़ ले लिया।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 2 फरवरी को Axis Bank की पावटा शाखा से उन्हें कॉल आया। बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि ‘नरेंद्र’ नाम का व्यक्ति उनके साइन वाला ‘सेल्फ’ चेक लेकर पैसे निकालने पहुंचा है। महिला ने तुरंत ऐसे किसी भी चेक जारी करने से इनकार किया और भुगतान रोकने को कहा।
जांच में सामने आया कि आरोपी पति चंद्रप्रकाश पुंगलिया ने जॉइंट अकाउंट की चेकबुक से पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर किए और अपने नौकर को बैंक भेज दिया। बैंक की सतर्कता से धोखाधड़ी की कोशिश नाकाम हो गई।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कोर्ट ने भी जताई सख्ती
दंपति के बीच ‘मैसर्स पी एंड डी एंटरप्राइजेज’ फर्म को लेकर विवाद पहले से ही कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में कॉमर्शियल कोर्ट ने हाल ही में दिए आदेश में आरोपी के आचरण को विधिसम्मत नहीं माना। कोर्ट ने यह भी पाया कि उसने फर्म के खाते, जिसमें ICICI Bank शामिल है, का गलत तरीके से संचालन कर रकम निकाली और निजी काम में इस्तेमाल किया।
अलग रह रहा है दंपति
पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी 2012 में हुई थी, लेकिन पारिवारिक और आर्थिक विवाद के चलते अब अलग-अलग रह रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति ने धोखाधड़ी की नीयत से यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।