जयपुर सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
जयपुर सेशन कोर्ट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए।
सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के हर कोने की गहन तलाशी ली।
हालांकि, लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे यह धमकी फिलहाल फर्जी प्रतीत हो रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल की जांच शुरू कर दी गई है और भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साइबर टीम को भी इस मामले में लगाया गया है।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और कोर्ट परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।