पाली में SI परीक्षा: 1 मिनट की देरी पड़ी भारी, गेट पर रो पड़ी अभ्यर्थी

 पाली में SI परीक्षा: 

1 मिनट की देरी पड़ी भारी, गेट पर रो पड़ी अभ्यर्थी


पाली में रविवार को आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान सख्त नियमों के चलते कई अभ्यर्थियों को निराश होकर लौटना पड़ा। इनमें एक युवती भी शामिल रही, जो निर्धारित समय से महज एक मिनट देरी से परीक्षा केंद्र पहुंची और एंट्री नहीं मिलने पर गेट पर ही भावुक हो गई।

बांगड़ कॉलेज केंद्र पर पहुंची युवती ने अधिकारियों से बार-बार विनती की—“प्लीज एंट्री दे दो, बस लेट हो गई… सालभर से मेहनत कर रही हूं।” लेकिन नियमों का हवाला देते हुए उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। मेहनत पर पानी फिरता देख उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

ऐसे ही कई अन्य अभ्यर्थी भी देर से पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित रह गए। किसी को ट्रैफिक जाम ने रोका, तो कोई बस समय पर नहीं मिलने से लेट हुआ। एक अभ्यर्थी ने बताया कि रास्ते में स्कूटी पंचर हो जाने से वह समय पर नहीं पहुंच सका।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच के कड़े इंतजाम रहे। अभ्यर्थियों की गहन चेकिंग के बाद ही एंट्री दी गई। महिलाओं के कानों के गहने उतरवाए गए, जबकि फुल स्लीव कपड़ों की जांच की गई। जूते-चप्पल तक उतरवाकर तलाशी ली गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शहर में कुल 18 केंद्रों पर दो पारियों में परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

सख्त नियमों के बीच कई सपनों को देरी ने रोक दिया, वहीं समय पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

और नया पुराने

Column Right

Facebook