**
घर के झोपड़े में लटका मिला गर्भवती विवाहिता का शव:
मृतका का भाई बोला- दहेज के लिए ससुराल वालों ने मारकर लटकाया, मामला दर्ज
गुड़ामालानी थानान्तर्गत सगराणियों की ढाणी में गर्भवती विवाहिता का शव घर के झोपड़े में लटका मिला। सूचना पर पुलिस व पीहर पक्ष के आने के बाद शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतका के भाई की रिपोर्ट पर हत्या व दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई राजुराम ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि बहन मीरा का विवाह 3 साल पहले पोकराराम पुत्र मोडाराम के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ससुराल के लोग दहेज के लिए मारपीट करके प्रताड़ित कर रहे थे। सामाजिक स्तर पर पंच-पंचायती होने के बाद ससुराल के लोगों से समझाया था, लेकिन बहिन को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करते। दहेज नहीं देने पर मारने की धमकियां देते थे। कुछ दिन बहनोई ने रुपए मांगे थे जो करीब 10 हजार फोन पे और 40 हजार रुपए कैश भी दिए थे। गुरुवार को पुलिस ने सूचना दी थी कि मीरा की ससुराल में मौत हो गई। मृतका सात माह की गर्भवती थी।
एसआई दुर्गाराम के मुताबिक मृतका ने गुरुवार को घर के झोपड़ी में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। परिजनों की रिपोर्ट पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौप दिया है।
*विवाहिता की मार कर लटकाया*
पीहर पक्ष का आरोप है कि मीरा को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मीरा की हत्या करके उसके फांसी के फंदे से लटका दिया। भाई का आरोप है कि मृतका के शव लटकने के दौरान पैर जमीन से टच थे। मृतका के पति पोकराराम उर्फ दीपाराम, ससुर मोडाराम, सास राजो देवी पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है।