जालोर- बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए शनिवार को जालोर आई थीं। जाह्नवी करीब आधा घंटे तक शादी समारोह में रुकीं और दुल्हन को आशीर्वाद दिया। जाह्नवी का हेलिकॉप्टर जालोर स्टेडियम में उतरा था। इसके बाद वह कार से शादी समारोह में भाग लेने के लिए मेंगलवा पहुंची।
दरअसल, जिले के सायला उपखंड क्षेत्र के मेंगलवा में इलेक्ट्रिक कारोबारी पारसमल सांवलचंद जैन के परिवार में शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए फिल्म अभिनेत्री जाह्नवी कपूर भी आई थीं। कुछ देर रुकने के बाद जाह्नवी कपूर वापस मुंबई चली गईं।
इलेक्ट्रिक कारोबारी के भाई की बेटी की शादी
जानकारी के अनुसार मेंगलवा निवासी पारसमल जैन के भाई की बेटी की शादी थी। पारसमल फाइब्रोस कुंदन ग्रुप की कंपनी इलेक्ट्रिक सामग्री बनाती हैं। दिल्ली में रहने के कारण परिवार की जाह्नवी कपूर से जान-पहचान है। इसी के चलते वह शादी में भाग लेने के लिए आईं।
10 महीने पहले उदयपुर आई थीं जाह्नवी कपूर
बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर 10 महीने पहले भी राजस्थान आई थीं। जाह्नवी एक एड फिल्म की शूटिंग करने के झीलों की नगरी उदयपुर पहुंची थी। इस दौरान अभिनेत्री ने पिछोला झील में बोटिंग का लुत्फ उठाया और झील किनारे पिक्चर क्लिक कराई। बता दें कि जाह्नवी कपूर की पहली फिल्म 'धड़क' की शूटिंग भी उदयपुर में ही हुई थी। इसके बाद जाह्नवी उदयपुर की कई तस्वीरों को सोशल मीडिया के जरिए साझा कर चुकी हैं।