तखतगढ़ : नागरिकों की जागरूकता से बचा सड का पेड़, मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँची पहल की गूंज
तखतगढ़। कस्बे के पुराने बस स्टैंड पर स्थित सड का वह विशालकाय पेड़, जो वर्षों से क्षेत्र की पहचान बना हुआ है, अब सुरक्षित है। कुछ दिन पहले कुछ अज्ञात लोगों ने इसे काटने का प्रयास किया था, लेकिन कस्बे के जागरूक नागरिकों की तत्परता और मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँची उनकी आवाज़ ने इस हरे प्रहरी को बचा लिया।
स्थानीय समाजसेवी छगन घांची ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजा। इस पर उच्च स्तर से तुरंत कार्रवाई हुई और जिला कलक्टर पाली को निर्देश जारी किए गए। कलक्टर ने राजस्व विभाग और नगरपालिका अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और पेड़ को संरक्षित करने के आदेश दिए।
नगरपालिका प्रशासन ने निर्देशों का पालन करते हुए पेड़ के चारों ओर ब्लैक ग्रेनाइट पत्थरों से सुंदर चबूतरा बनवाया, जिससे यह स्थल अब और अधिक आकर्षक बन गया है। यही नहीं, इस पेड़ के नीचे स्थित पुरानी चाय की थड़ी वर्षों से कस्बे की सामाजिक व राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र रही है, जो अब और भी जीवंत हो उठी है।
दीपावली पर सजा ‘प्रकृति का दीपोत्सव’
दीपावली की पूर्व संध्या पर नगरवासियों ने इस पेड़ को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाकर “प्रकृति उत्सव” मनाया। लोगों ने इसे प्रकृति और जनजागरूकता का प्रतीक बताते हुए छगन घांची सहित सभी नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
अब यह पेड़ तखतगढ़ के लिए सिर्फ हरियाली नहीं, बल्कि नागरिक सजगता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया है।