नववर्ष पर व्यापारियों का स्नेह मिलन हल्दी कार्यक्रम के साथ सामाजिक सहयोग पर हुई व्यापक चर्चा
तखतगढ़।
नववर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार सायंकाल नेहरू रोड स्थित आई माता वडेर मंदिर प्रांगण में व्यापार एवं उद्योग मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हल्दी कार्यक्रम के साथ विशाल स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन पूर्व में मंडल की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप नगर के समस्त व्यापारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।
व्यापार एवं उद्योग मंडल के अध्यक्ष चंपालाल कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडल की पूर्व में आयोजित सामान्य बैठक में भामाशाह मंछाराम पाडीवा द्वारा हल्दी कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई थी। उसी क्रम में बुधवार, सात जनवरी को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह के दौरान नगर एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।
स्नेह मिलन समारोह में नगर की गौ रक्षक सेवा समिति को भी आमंत्रित किया गया। समिति के सदस्य डैनी राठौर ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए नगर में गौ सेवा के लिए थ्री-व्हीलर टेंपो की आवश्यकता की जानकारी दी तथा इसके लिए सहयोग राशि की अपील की। इस पर व्यापार एवं उद्योग मंडल की ओर से आश्वस्त किया गया कि नगर हित में किए जा रहे सेवा कार्यों में मंडल सदैव सहयोग करता रहा है और भविष्य में भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
समारोह के दौरान आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। कड़ाके की सर्दी के बीच कुछ व्यापारी अलाव तापते हुए चर्चा करते नजर आए, वहीं सभी के चेहरों पर नववर्ष को लेकर उत्साह और प्रसन्नता झलक रही थी। हल्दी कार्यक्रम के भामाशाह मंछाराम पाडीवा का व्यापार एवं उद्योग मंडल के अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा माला पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर गौ रक्षक सेवा समिति द्वारा आगामी पंद्रह जनवरी दो हजार छब्बीस को आयोजित होने वाली भव्य गौ माता भक्ति संध्या की जानकारी दी गई तथा उसका आमंत्रण पत्र व्यापार एवं उद्योग मंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यों को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार एवं उद्योग मंडल की कार्य समिति एवं सतर्कता समिति का गठन भी किया गया। साथ ही मंडल की ओर से तखतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल को चार कुर्सियां, दो सीलिंग पंखे तथा पारसमल लोहार की ओर से एक स्टैंडिंग पंखा भेंट करने की घोषणा की गई। मंडल ने भविष्य में भी सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
स्नेह मिलन समारोह में व्यापार एवं उद्योग मंडल के समस्त पदाधिकारी, सदस्यगण तथा नगर के व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।