पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में देर रात हंगामा, ट्रोमा वार्ड की जाली टूटी; दो युवक हिरासत में

पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में देर रात हंगामा, ट्रोमा वार्ड की जाली टूटी; दो युवक हिरासत में

पाली। शहर के बांगड़ हॉस्पिटल परिसर में गुरुवार देर रात दो युवकों के बीच हुए विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया। ट्रोमा वार्ड के बाहर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, जिसके दौरान वहां लगी लोहे की जाली टूट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

जानकारी के अनुसार सुभाष नगर ए निवासी अशोक कुमार अपनी बीमार पत्नी को उपचार के लिए देर रात बांगड़ हॉस्पिटल लेकर आया था। इसी दौरान वहां मौजूद कालू उर्फ विरम नामक युवक से उसका विवाद हो गया। अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि कालू ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की, जबकि दूसरी ओर कालू ने भी अशोक पर मारपीट का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों युवक ट्रोमा वार्ड के बाहर ही आपस में भिड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने ट्रोमा वार्ड के बाहर लगी लोहे की जाली को पकड़ लिया, जो जोर लगने से टूट गई। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

हॉस्पिटल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को शांत कर हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की जांच जारी है।

अस्पताल प्रशासन ने ट्रोमा वार्ड के बाहर हुई तोड़फोड़ पर नाराजगी जताते हुए हुए नुकसान की भरपाई संबंधित युवकों से करवाने की बात कही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाएं मरीजों के उपचार में बाधा उत्पन्न करती हैं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook