मजदूर की बेटी मंजू कुमारी ने किया कमाल: 12वीं आर्ट्स में 97.40% अंक हासिल
जालोर- जिले से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। करड़ा क्षेत्र के विष्णु पब्लिक स्कूल की छात्रा मंजू कुमारी ने कक्षा 12वीं आर्ट्स में 97.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
मंजू कुमारी, कृष्ण राम देवासी की पुत्री हैं, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक सीमाओं के बावजूद मंजू ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह शानदार सफलता हासिल की।
विषयवार प्रदर्शन में मंजू ने हिंदी साहित्य में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि इतिहास और भूगोल में 98-98 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी मेहनत के आगे बाधा नहीं बन सकतीं।
मंजू की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।