जालोर-राजसमंद में बड़ा एक्शन: 3 करोड़ की अफीम के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में हुई पकड़

 जालोर-राजसमंद में बड़ा एक्शन:

 3 करोड़ की अफीम के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में हुई पकड़




 जालोर-राजस्थान में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने राजसमंद जिले के देवगढ़ इलाके में कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 58 किलो अफीम का दूध जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई है।

लंबे समय से रडार पर था आरोपी

मुख्य आरोपी भंवर सिंह पहले से ही एजेंसियों के निशाने पर था। वह 2013 में अवैध अफीम तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है और करीब 8 साल जेल में रह चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

सांवरिया सेठ के दर्शन के बहाने तस्करी

जांच में सामने आया कि भंवर सिंह हर बार तस्करी के दौरान मंडफिया स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर जरूर जाता था। इस बार भी वह माल लेकर मंदिर पहुंचा और रात वहीं रुका। ANTF टीम ने भी गुप्त रूप से उसकी निगरानी की और सही मौके का इंतजार किया।

फिल्मी स्टाइल में ऑपरेशन

अगले दिन आरोपी अपने बेटे जितेंद्र सिंह के साथ दो गाड़ियों में निकला। बेटा आगे चलकर रास्ते की रेकी कर रहा था, जबकि भंवर सिंह दूसरी कार में अफीम लेकर पीछे आ रहा था।
देवगढ़ के पास टीम ने पहले बेटे की गाड़ी को निकलने दिया। जैसे ही भंवर सिंह की कार पहुंची, पुलिस ने उसका टायर पंक्चर कर दिया और मौके पर ही दबोच लिया। संपर्क टूटने पर बेटा भी रुक गया, जिसे बाद में घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।

मुखबिर की अहम भूमिका

पुलिस को इस कार्रवाई में बड़ी सफलता एक मुखबिर की सटीक सूचना से मिली। जानकारी के मुताबिक, आरोपी एक खास ढाबे पर खाना खाता था। टीम ने वहां के वेटर को अपने साथ मिलाकर पूरा प्लान तैयार किया। इसी इनपुट के आधार पर तस्करों की मूवमेंट ट्रैक कर ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

बड़े नेटवर्क का खुलासा संभव

पूछताछ में भंवर सिंह ने कई बड़े तस्करों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस का मानना है कि यह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

 फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook