जयपुर में पहचान चोरी कर 4.37 करोड़ का फाइनेंशियल फ्रॉड
, डॉक्टर के नाम पर 36 फर्जी लोन
जयपुर- में एक चौंकाने वाला फाइनेंशियल फ्रॉड सामने आया है, जहां एक डॉक्टर की पहचान का दुरुपयोग कर करीब 4 करोड़ 37 लाख रुपए के 36 लोन उठा लिए गए। मामला तब उजागर हुआ जब डॉक्टर ने अपनी CIBIL रिपोर्ट निकलवाई।
पीड़ित 56 वर्षीय डॉक्टर, जो SMS हॉस्पिटल में कार्यरत हैं, ने इस संबंध में गांधी नगर थाना में FIR दर्ज करवाई है।
ऐसे हुआ खुलासा
डॉक्टर के PAN नंबर पर जब CIBIL रिपोर्ट जनरेट की गई तो उसमें कई लोन अकाउंट दिखाई दिए। हैरानी की बात यह रही कि इन लोन से जुड़ी जानकारी—जैसे एड्रेस और अन्य डिटेल—डॉक्टर की नहीं थी। इससे साफ हुआ कि किसी ने उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर फाइनेंशियल फ्रॉड किया है।
कई बैंकों से लिए गए लोन
रिपोर्ट में सामने आया कि अलग-अलग बैंकों और फाइनेंस कंपनियों से लोन लिए गए, जिनमें HDFC Bank, State Bank of India, Bank of Baroda, Canara Bank और Bajaj Finance शामिल हैं।
इन लोन में पर्सनल, बिजनेस, हाउसिंग, गोल्ड और क्रेडिट कार्ड लोन शामिल हैं। कुछ बड़े अमाउंट वाले लोन में 75 लाख तक के अनसिक्योर्ड बिजनेस लोन और 50 लाख तक के प्रोफेशनल लोन भी शामिल हैं।
CIBIL और सिस्टम पर उठे सवाल
डॉक्टर ने CIBIL से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शक है कि ठग ने न सिर्फ उनकी पहचान चुराई, बल्कि CIBIL अकाउंट तक एक्सेस बनाकर सिस्टम को भी गुमराह किया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस के अनुसार यह मामला आइडेंटिटी थेफ्ट और साइबर फ्रॉड से जुड़ा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोन कैसे पास हुए।